100 केवी ट्रांसफार्मर लगाने की मांग, जल्द समाधान न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी
रिपोर्ट : विशाल कुमार
आजमगढ़। बूढ़नपुर तहसील क्षेत्र के देउरपुर बाजार में बार-बार 63 केवी विद्युत ट्रांसफार्मर जलने से नाराज स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने शनिवार को प्रदर्शन कर विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने मौजूदा ट्रांसफार्मर को हटाकर तत्काल 100 केवी क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाए जाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि देउरपुर बाजार और आसपास के क्षेत्रों में बिजली की खपत लगातार बढ़ी है, लेकिन अब भी 63 केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर ही लगा हुआ है। अधिक लोड पड़ने के कारण ट्रांसफार्मर बार-बार जल जाता है, जिससे घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। इसका असर व्यापारिक गतिविधियों के साथ-साथ आम जनजीवन और घरेलू कार्यों पर भी पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी देकर उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। उनका कहना है कि यदि समय रहते 100 केवी का ट्रांसफार्मर लगाया जाता तो उपभोक्ताओं को बार-बार बिजली संकट का सामना नहीं करना पड़ता। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने विद्युत विभाग से तत्काल 100 केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर स्थापित कर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शन में अंबिका वर्मा, रईस अली, अशोक गुप्ता, पवन सेठ, विवेक गुप्ता, कलामुद्दीन, इदरीस, खुर्शीद, अविनीश तिवारी, अखिलेश मिश्रा, इमरान, पिंटू, मुन्नीलाल प्रजापति, रमेश मिस्त्री, सुरेंद्र गुप्ता, योगेंद्र प्रजापति, विशाल गुप्ता, करन सिंह सहित दर्जनों स्थानीय नागरिक एवं व्यापारी मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही 100 केवी का ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया और बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो वे व्यापक जनआंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।




