भाजपा नेता हरिबंश मिश्रा ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
आजमगढ़। सावन माह में कांवड़ यात्रा और शिवभक्तों की बढ़ती संख्या को देखते हुए भाजपा के निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष हरिबंश मिश्रा ने शुक्रवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मंदिरों के आसपास श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि सावन मास के दौरान बड़ी संख्या में कांवड़िये और शिवभक्त नंगे पांव विभिन्न शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं तथा बाबा धाम की यात्रा पर भी रवाना होते हैं। ऐसे में मंदिरों के आसपास साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था की जाए तथा मंदिर मार्गों और आसपास स्थित मुर्गा, मीट एवं मदिरा की दुकानों को अस्थायी रूप से बंद कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचे और पूजा-अर्चना में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। हरिबंश मिश्रा ने जिलाधिकारी से सभी उपजिलाधिकारियों और थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मंदिरों की सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए, जिससे सावन माह में धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें। ज्ञापन में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने का अनुरोध किया गया है।




