एमएलसी विजय बहादुर पाठक ने किया शिलान्यास
संस्कार और शिक्षा का समन्वय ही शिशु मंदिरों की पहचान, शिक्षा के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध : विजय बहादुर पाठक
आजमगढ़। नगर के कोलपांडेय स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में गुरुवार को विधायक निधि से निर्मित विद्यालय भवन का लोकार्पण तथा नए भवन का शिलान्यास विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) विजय बहादुर पाठक ने किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में उन्होंने विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था और संस्कार आधारित शिक्षण पद्धति की सराहना की। अपने संबोधन में एमएलसी विजय बहादुर पाठक ने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर एवं विद्या मंदिर के छात्र अपने संस्कारों के लिए पहचाने जाते हैं। यहां शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति का भी समुचित विकास किया जाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने विद्यालय की निरंतर प्रगति की कामना करते हुए भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कवि सुभाष चंद्र तिवारी 'कुंदन' ने की, जबकि संचालन साहित्यकार संजय कुमार पांडेय 'सरस' ने किया। विद्यालय की प्रधानाचार्य शीला सिंह ने अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर भाजपा नेता सुशील सिंह, गिरीश सेठ, जयराम उपाध्याय, विनोद उपाध्याय, संजय दास, राम अवतार श्रीवास्तव, श्याम विक्रम यादव, नीलाम्बुज राय, सुधीर श्रीवास्तव, वर्षम सिंह, उमेश शर्मा, आकांक्षा पांडे, मंजू श्रीवास्तव, श्वेता श्रीवास्तव, पूजा गुप्ता, ज्योति सोनकर सहित विद्यालय परिवार एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



