आजमगढ़ : शव दफनाने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने, छह घंटे की पंचायत के बाद हुआ समझौता

Youth India Times
By -
0



पुलिस व राजस्व विभाग की सक्रियता से टला संभावित टकराव
न्यायालय के फैसले तक बड़े कब्रिस्तान में होंगे अंतिम संस्कार
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के अलीनगर मोहल्ला में मंगलवार को शव दफनाने को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित कर संभावित टकराव टाल दिया। करीब छह घंटे चली पंचायत के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता होने पर मृतक का शव दफनाया गया। जानकारी के अनुसार अलीनगर निवासी 85 वर्षीय मोहम्मद शमीम का सोमवार रात निधन हो गया था। मंगलवार सुबह परिजन शव को दफनाने के लिए कब्र खोदने पहुंचे तो ईदगाह कमेटी के सदस्यों ने आपत्ति जताई। एक पक्ष संबंधित भूमि को कब्रिस्तान, जबकि दूसरा पक्ष उसे ईदगाह की जमीन बता रहा था। इससे दोनों पक्षों में विवाद की स्थिति बन गई। सूचना पर नायब तहसीलदार वीरेंद्र कुमार, राजस्व निरीक्षक जयनारायण सिंह, लेखपालों की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में दोनों पक्षों को मुबारकपुर थाने बुलाकर वार्ता कराई गई। सहमति बनी कि भूमि विवाद का अंतिम निर्णय न्यायालय करेगा। तब तक भविष्य में किसी भी मृतक का शव पास स्थित बड़े कब्रिस्तान में दफनाया जाएगा। थाना प्रभारी शशि चंद्र चौधरी ने बताया कि आपसी सहमति से विवाद का समाधान करा दिया गया है और क्षेत्र में पूरी तरह शांति है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)