बिना वैध अनुमति अस्पताल चलाने का आरोप, ऑपरेशन और गलत रक्त चढ़ाने से प्रसूता की मौत का मामला
आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र में अवैध रूप से अस्पताल संचालन और चिकित्सीय लापरवाही के चलते प्रसूता की मौत के मामले में पुलिस ने वांछित चिकित्सक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर बिना वैध अनुमति अस्पताल संचालित करने के साथ-साथ लापरवाहीपूर्वक ऑपरेशन करने और गलत रक्त चढ़ाने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को पवई थाना क्षेत्र के नाटी माहुल गांव निवासी ओमकार मौर्य ने अहरौला थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनकी 23 वर्षीय पत्नी करिश्मा को प्रसव के लिए रसूलपुर अहमद अली स्थित शहनवाज मेमोरियल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि अस्पताल में चिकित्सक द्वारा लापरवाहीपूर्वक ऑपरेशन किया गया तथा गलत रक्त चढ़ाए जाने से उनकी पत्नी की मृत्यु हो गई। तहरीर के आधार पर थाना अहरौला में मुकदमा संख्या 234/2026 धारा 105 बीएनएस के तहत दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान जांच में राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम (इंडियन मेडिकल कमीशन एक्ट, 2019) की धारा 34 भी बढ़ाई गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को उपनिरीक्षक यश सिंह पटेल एवं पुलिस टीम ने वांछित आरोपी डा. मो. अकबर खान (37 वर्ष) निवासी माहुल खास, थाना अहरौला को फुलवरिया अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




