आज़मगढ़ : लाखों की सनसनीखेज चोरी, 15–16 लाख के जेवर व सवा लाख नकदी लेकर फरार हुए चोर

Youth India Times
By -
0


छत के रास्ते घर में घुसे बदमाश, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य; उसी रात दूसरे घर में भी चोरी का प्रयास

रिपोर्ट : सर्वेश पांडेय
आजमगढ़। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के श्रीनगर (सियरहां) गांव में 20-21 जुलाई की रात अज्ञात चोरों ने एक घर में धावा बोलकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और दो-तीन कमरों में रखे बक्सों की कुंडी उखाड़कर करीब 15 से 16 लाख रुपये के जेवर तथा लगभग सवा लाख रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए। घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पीड़ित विजय राय पुत्र स्वर्गीय भगवान राय ने बताया कि घटना के समय पूरा परिवार एक ही कमरे में सो रहा था, इसलिए किसी को चोरी की भनक तक नहीं लगी। सुबह करीब 3:30 बजे वह वॉशरूम जाने के लिए उठे तो घर के सभी दरवाजे खुले मिले और बक्सों का सामान व कपड़े पूरे घर में बिखरे पड़े थे। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया, जिस पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और डायल 112 को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही डायल 112 और बिलरियागंज पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। बाद में चोरी किए गए जेवरों के खाली डिब्बे और बैग गांव के सिवान स्थित संकठा राय के ट्यूबवेल के पास खेत में पड़े मिले। पीड़ित की पत्नी महिमा राय ने बताया कि बेटे की शादी और परिवार के उपयोग के लिए वर्षों से जेवर बनवाकर रखे थे। चोरी हुए सामान में झुमके, बालियां, सुई-धागा के दो सेट, तीन महिलाओं की अंगूठियां, एक पुरुष की अंगूठी, मंगलसूत्र, चांदी का ब्रेसलेट, नथिया, मांगटीका, 10 जोड़ी पायल, चार जोड़ी बिछिया समेत अन्य कीमती आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा घर में रखे करीब सवा लाख रुपये नकद, जो छत पर दीवार निर्माण के लिए रखे गए थे, भी चोर अपने साथ ले गए। पीड़ित परिवार के अनुसार चोर फ्रिज में रखा मीठा और अनार भी साथ ले गए। इसी रात चोरों ने गांव के ही राजेश राय पुत्र स्वर्गीय नरमुन राय के घर में भी चोरी का प्रयास किया। बदमाश छत पर चढ़कर सीढ़ी के दरवाजे का अकुड़ा कटर से काट रहे थे, तभी आवाज होने पर गृहस्वामी सतर्क हो गए। आहट मिलते ही चोर दरवाजा बाहर से बंद कर मौके से फरार हो गए। सतर्कता के चलते वहां कोई चोरी नहीं हो सकी। पीड़ित की तहरीर पर बिलरियागंज थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)