रिपोर्ट : आरपी सिंह
फूलपुर (आजमगढ़)। जनपद के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के सहजेरपुर नहर पुलिया के पास शनिवार सुबह बालू लदे ट्रक की चपेट में आने से 68 वर्षीय वृद्ध की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं ट्रक और उसके चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार, सहजेरपुर गांव निवासी रामनारायण मौर्य (68) शनिवार सुबह करीब पांच बजे प्रतिदिन की तरह माहुल रोड पुलिया चौराहे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे पहले से बालू से लदा एक ट्रक खड़ा था। बताया गया कि वृद्ध ट्रक के बगल से निकलकर घर की ओर जा रहे थे, तभी चालक ने अचानक ट्रक आगे बढ़ा दिया। इससे रामनारायण ट्रक की चपेट में आ गए और उनका पैर बुरी तरह कुचल गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद दुकानदार और ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। सूचना मिलने पर परिजन भी पहुंच गए। एंबुलेंस की सहायता से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फूलपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें आजमगढ़ लेकर जा रहे थे, लेकिन जगदीशपुर के पास रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और एक पुत्र को छोड़ गए हैं। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के भाई रामपलट मौर्य की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ फूलपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाल देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रक और चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है।





