आग से झुलसे मिले थे दोनों प्रेमी, पैर थे बंधे; ऑनर किलिंग की आशंका
फिरोजाबाद। शिकोहाबाद के मोहल्ला पड़ाव लाल सराय गली-2 में आग से झुलसे प्रेमी युगल की दर्दनाक कहानी का अंत प्रेमी अरुण की मौत के साथ हो गया। प्रेमिका खुशी की मौत के चार दिन बाद सोमवार देर रात आगरा में उपचार के दौरान 19 वर्षीय अरुण ने भी दम तोड़ दिया। मामले में ऑनर किलिंग की आशंका के बीच पुलिस ने युवती की मां और दो मामाओं के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। बताया जाता है कि 5 जून की रात खुशी (18) और अरुण (19) एक मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में आग से बुरी तरह झुलसे मिले थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला था। मौके पर दोनों के पैर रस्सी से बंधे होने की बात सामने आई थी। गंभीर रूप से झुलसी खुशी की उसी रात मौत हो गई थी, जबकि करीब 90 प्रतिशत झुलसे अरुण का आगरा में इलाज चल रहा था। मंगलवार शाम पोस्टमार्टम के बाद अरुण का शव एटा रोड स्थित गंगा नगर आवास पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। इकलौते बेटे का शव देखते ही माता-पिता और पांच बहनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया और एसपी ग्रामीण के आने तक अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। मृतक के पिता धर्मपाल ने पुलिस अधिकारियों के सामने आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग करते हुए कहा कि उनके बेटे की हत्या की गई है। स्थिति को देखते हुए एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी स्वयं मौके पर पहुंचे और निष्पक्ष जांच व सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। पुलिस के अनुसार, अस्पताल में उपचार के दौरान अरुण का मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज किया गया था, जिसे जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है। मृतक की मां सुमन देवी की तहरीर पर खुशी की मां ममता शर्मा तथा उसके मामा अवनीश शर्मा और आशीष शर्मा के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अवनीश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, फरार चल रही मृतका की मां और दूसरे मामा की तलाश में कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। अरुण अपने परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी पांच बहनें हैं। शव घर पहुंचने पर बहनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया। परिवार और ग्रामीणों ने मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





