आजमगढ़ : पति के विदेश में रहने से बढ़ी दूरी, विवाहिता ने फंदे से दी जान

Youth India Times
By -
0




15 महीने पहले हुई थी शादी, आठ महीने के मासूम के सिर से उठा मां का साया
आजमगढ़। जनपद के सरायमीर थाना क्षेत्र के राजापुर सिकरौर गांव में एक विवाहिता ने पारिवारिक कलह से परेशान होकर कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, मेंहनगर थाना क्षेत्र के विषहम गांव निवासी रुहुलहुदा की 21 वर्षीय पुत्री अरहमा की शादी करीब 15 माह पूर्व राजापुर सिकरौर गांव निवासी शैफ के साथ हुई थी। विवाह के दो माह बाद ही शैफ नौकरी के लिए दुबई चला गया। इस दौरान अरहमा ने एक पुत्र को जन्म दिया, जो वर्तमान में आठ माह का है। परिजनों के मुताबिक, अरहमा अक्सर अपने पति से घर लौटने की बात कहती थी, लेकिन पति के लगातार टालने से दोनों के बीच विवाद और मनमुटाव बना रहता था। बताया जा रहा है कि इसी तनाव के चलते मंगलवार सुबह करीब नौ बजे अरहमा ने अपने कमरे में दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही विवाहिता के पिता रुहुलहुदा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। सरायमीर थाना प्रभारी भुवनेश कुमार चौबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक कलह के कारण आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। विवाहिता के पिता की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। अरहमा की मौत के बाद उसका आठ माह का मासूम बेटा मां की ममता से वंचित हो गया है। उसे अभी इस बात का एहसास भी नहीं है कि उसकी दुनिया बदल चुकी है। परिवार के सदस्य बच्चे की देखभाल में जुटे हैं, जबकि गांव में मासूम की स्थिति को लेकर लोगों की आंखें नम हो जा रही हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)