आजमगढ़ : 'एक और हादसा हो गया, अब क्या आजमगढ़ में पेपर लीक'

Youth India Times
By -
0

 





सोशल मीडिया पर ऐसी पोस्ट वायरल होते ही सतर्क हुई पुलिस, दो युवकों पर दर्ज हुआ मुकदमा
आजमगढ़। सोशल मीडिया पर प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर भ्रामक और असत्य सूचनाएं प्रसारित करना दो युवकों को महंगा पड़ गया। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स और इंस्टाग्राम पर पेपर लीक तथा नकल संबंधी भ्रामक पोस्ट करने के आरोप में दो व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहले मामले में थाना कोतवाली क्षेत्र के चौकी प्रभारी बलरामपुर उपनिरीक्षक मिथिलेश प्रजापति ने तहरीर देकर बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर Nitesh@Abhijee41194761 नामक आईडी से एक पोस्ट वायरल की गई थी, जिसमें अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय, लखनऊ द्वारा 6 जून 2026 को आयोजित प्रवेश परीक्षा के एक परीक्षा केंद्र पर नकल होने तथा उत्तर कुंजी गलत होने का दावा किया गया था। पुलिस जांच में यह सूचना असत्य एवं भ्रामक पाई गई। पुलिस के अनुसार उक्त पोस्ट से परीक्षार्थियों में आक्रोश और भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही थी। मामले में संबंधित आईडी धारक नितेश के विरुद्ध धारा 353(2) बीएनएस एवं 66डी आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। दूसरे मामले में चौकी प्रभारी सिविल लाइन उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार मिश्र ने तहरीर देकर बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 के दौरान इंस्टाग्राम आईडी Inderjeet_gautam_007 से “एक और हादसा हो गया, अब क्या आजमगढ़ में पेपर लीक” शीर्षक से एक पोस्ट प्रसारित की गई थी। जांच में यह पोस्ट भी भ्रामक और असत्य पाई गई। पुलिस का कहना है कि इस प्रकार की पोस्ट से परीक्षा की निष्पक्षता को लेकर अभ्यर्थियों में भ्रम और आक्रोश फैल सकता था। इस मामले में आईडी धारक इन्द्रजीत गौतम के विरुद्ध भी धारा 353(2) बीएनएस एवं 66डी आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी परीक्षा या संवेदनशील विषय से जुड़ी सूचना को सत्यापित किए बिना सोशल मीडिया पर साझा न करें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)