ड्यूटी में लापरवाही, अनुशासनहीनता और संवेदनशील पर्वों के दौरान कर्तव्य निर्वहन में कोताही पर सख्त कदम
आजमगढ़। पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. अनिल कुमार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जनपद के 13 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, जबकि 19 अन्य पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय जांच एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने के आदेश दिए गए हैं। एसएसपी द्वारा किए गए आकस्मिक निरीक्षणों, ड्यूटी चेकिंग और प्राप्त रिपोर्टों के दौरान कई पुलिसकर्मियों की गंभीर लापरवाही सामने आई। जांच में पाया गया कि कुछ पुलिसकर्मी महत्वपूर्ण रात्रि ड्यूटी के दौरान बिना अनुमति अनुपस्थित रहे, जबकि बकरीद जैसे संवेदनशील पर्व पर निर्धारित ड्यूटी स्थल छोड़कर अन्य स्थानों पर पीआरवी खड़ी कर दी गई थी। निरीक्षण के दौरान कुछ पुलिसकर्मी पीआरवी ड्यूटी के समय सोते हुए पाए गए तथा मोबाइल डाटा टर्मिनल (एमडीटी) से संबंधित आवश्यक जानकारी से भी अनभिज्ञ मिले। वहीं टोल प्लाजा पर गो-तस्करी की रोकथाम, शांति व्यवस्था और संदिग्ध वाहनों की जांच के लिए लगाए गए पुलिसकर्मियों द्वारा अपेक्षित सतर्कता नहीं बरती गई। कई स्थानों पर ड्यूटी पर तैनात अधिकारी एवं कर्मचारी वाहनों की जांच करने के बजाय आराम करते हुए पाए गए। एसएसपी ने इन कृत्यों को पुलिस विभाग की छवि और कार्यप्रणाली के लिए गंभीर क्षति पहुंचाने वाला मानते हुए संबंधित कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या आदेशों की अवहेलना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि जनपद आजमगढ़ पुलिस कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।





