आजमगढ़ : पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, एक ही परिवार के चार समेत पांच की मौत

Youth India Times
By -
0

 






बिहार से फरीदाबाद जा रही कार कंटेनर में पीछे से घुसी, रेस्क्यू के लिए क्रेन की लेनी पड़ी मदद
आजमगढ़। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार अपराह्न हुए भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनकी दो बेटियां शामिल हैं। हादसा कंधरापुर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 238.5 के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से टकरा गई। जानकारी के मुताबिक बिहार के सिवान जनपद से हरियाणा के फरीदाबाद जा रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और कंटेनर ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर ट्रक में फंस गई। आसपास मौजूद लोगों ने तेज धमाके की आवाज सुनकर मौके पर पहुंच राहत कार्य शुरू किया और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस की कंधरापुर थाना टीम, यूपीडा रेस्क्यू टीम, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से कार को कंटेनर से अलग कराया। इसके बाद सभी घायलों और मृतकों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान सिवान जिले के सिसवन थाना क्षेत्र के गयासपुर निवासी मनीष कुमार श्रीवास्तव, उनकी पत्नी कंचन श्रीवास्तव तथा बेटियां आदिति और आस्था के रूप में हुई है। एक अन्य मृतक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)