79वीं बेटी की शादी में संस्था ने उपलब्ध कराया राशन, बर्तन, कंबल व घरेलू सामान
आजमगढ़। सामाजिक संगठन 'प्रयास' ने एक बार फिर मानवता और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की बेटी की शादी में सहयोग देकर परिवार को बड़ी राहत दी है। संस्था के इस कार्य की क्षेत्र में सराहना हो रही है। मंगलवार को प्रयास सामाजिक संगठन की टीम महराजगंज क्षेत्र के ग्राम नहरूमपुर पटपरवा देवारा कदीम पहुंची, जहां गांव निवासी बाबूलाल से मुलाकात कर उनकी बेटी की शादी में आ रही आर्थिक परेशानियों की जानकारी ली। इसके बाद संस्था के सदस्यों की मौजूदगी में लड़की के पिता को शादी के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। संस्था द्वारा आलू, प्याज, आटा, चावल, थाली-गिलास सहित बर्तन, कुर्सी, कंबल और अन्य घरेलू उपयोग की वस्तुएं प्रदान की गईं। प्रयास टीम का सहयोग देखकर लड़की के पिता भावुक हो उठे और उनकी आंखें नम हो गईं। उन्होंने संस्था के सदस्यों से शादी के दिन भी उपस्थित रहने का आग्रह किया। संस्था के केंद्रीय अध्यक्ष रणजीत सिंह ने बताया कि प्रयास संगठन द्वारा अब तक 79 बेटियों की शादी में सहयोग किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि बाबूलाल की आर्थिक स्थिति बेहद खराब थी, जिसके कारण वह अपनी बेटी की शादी कराने में असमर्थ थे। जैसे ही संस्था को इसकी जानकारी मिली, समाज के सहयोग से चंदा एकत्र कर बेटी की शादी में मदद करने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर इंजीनियर सुनील यादव, नीलम सिंह, रणजीत सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। संस्था की इस पहल ने समाज को यह संदेश दिया कि सामूहिक सहयोग और संवेदनशीलता से जरूरतमंद परिवारों की मदद की जा सकती है।





