सड़क किनारे जमीन बताकर कराया बैनामा, बाद में फर्जी चौहद्दी और छल-कपट का आरोप
आजमगढ़। जनपद के देवगांव थाना क्षेत्र में जमीन की खरीद-फरोख्त के नाम पर लाखों रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर देवगांव थाने में मां-बेटे समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि सड़क किनारे जमीन बताकर बैनामा कराया गया, लेकिन बाद में जमीन की वास्तविक स्थिति अलग निकली। प्राप्त जानकारी के अनुसार लहुवांखुर्द गांव निवासी चम्पा देवी पत्नी रामप्रकाश ने न्यायालय आरसीजेएम कोर्ट नं०-10 आजमगढ़ में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि बसहीं लहुवांकला निवासी विन्दू देवी पत्नी वीरेन्द्र कुमार ने अपनी जमीन को पल्हना-मेहनाजपुर मार्ग पर स्थित बताकर बेचने का प्रस्ताव दिया था। प्रार्थिनी के अनुसार व्यवसायिक उपयोग के लिए सड़क किनारे जमीन की आवश्यकता होने पर उन्होंने उक्त प्रस्ताव स्वीकार कर लिया। आरोप है कि 30 मार्च 2024 को उपनिबंधक कार्यालय में करीब 16.33 लाख रुपये में जमीन का बैनामा कराया गया। भुगतान चेक के माध्यम से किया गया। बाद में खारिज-दाखिल की प्रक्रिया के दौरान विवाद उत्पन्न हुआ और जानकारी मिली कि जमीन की चौहद्दी में सड़क नहीं बल्कि किसी अन्य व्यक्ति की भूमि दर्ज थी। प्रार्थिनी ने आरोप लगाया कि विपक्षियों ने झूठी जानकारी और कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर अधिक धन लेकर छल-कपट किया। पीड़िता का कहना है कि मामले की शिकायत पहले स्थानीय थाना तथा बाद में पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ से भी की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद न्यायालय की शरण ली गई। न्यायालय के आदेश पर देवगांव पुलिस ने विन्दू देवी और उनके पुत्र अक्षय कुमार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।





