आजमगढ़ : सरयू नदी में नहाने गए चार युवक डूबने लगे, तीन को बचाया गया, एक लापता

Youth India Times
By -
0





निर्माणाधीन पुल के पास हादसा, एनडीआरएफ टीम बुलाई गई; परिवार में मचा कोहराम

आजमगढ़। जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र के हाजीपुर गोला स्थित निर्माणाधीन पुल के पास रविवार को सरयू नदी में नहाने गए एक ही गांव के चार युवक गहरे पानी में चले गए। मौके पर मौजूद नाविक और ग्रामीणों की मदद से तीन युवकों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि एक युवक नदी में डूब गया। देर शाम तक स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश जारी रही। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और एनडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया है। जानकारी के अनुसार रौनापार थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत पिहार के नौतप्पी गांव निवासी छह युवक — सरवन यादव, सचिन, कमलेश, रामभजन, परवेश और धनंजय — रविवार को करीब 11 बजे चार पहिया वाहन से सरयू नदी में नहाने पहुंचे थे। सभी युवक निर्माणाधीन पुल के समीप नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान चार युवक अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद नाविक अनिल यादव ने बताया कि करीब डेढ़ बजे युवकों को डूबता देख ग्रामीणों के साथ नाव लेकर तुरंत मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास के बाद तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन एक युवक नदी में लापता हो गया। बचाए गए युवकों ने बताया कि उनके साथ नहा रहा सरवन यादव पुत्र स्वर्गीय चंद्रिका यादव नदी में डूब गया है। बताया जा रहा है कि सरवन तीन भाइयों में सबसे छोटा था और मुंबई में निजी नौकरी करता था। वह करीब एक माह पहले ही घर आया हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही रौनापार पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई गई। मामले की जानकारी उपजिलाधिकारी सगड़ी श्याम प्रताप सिंह को दी गई, जिसके बाद एनडीआरएफ टीम को भी सूचना भेजी गई। हालांकि देर शाम तक एनडीआरएफ टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी थी। युवक के डूबने की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल व्याप्त हो गया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)