29 पीपीएस अधिकारियों को मिलेगा आईपीएस कैडर का प्रमोशन, यूपीएससी को भेजा गया प्रस्ताव

Youth India Times
By -
0





1998 से 2001 बैच के अधिकारियों के नाम शामिल, अगले महीने जारी हो सकता है प्रमोशन नोटिफिकेशन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा (पीपीएस) के 29 अधिकारियों को जल्द ही भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) कैडर में प्रोन्नति मिलने जा रही है। इसके लिए प्रदेश सरकार और डीजीपी मुख्यालय की ओर से प्रस्ताव संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) को भेज दिया गया है। आयोग की मंजूरी मिलने के बाद अगले महीने तक इन अधिकारियों के प्रमोशन की प्रक्रिया पूरी हो सकती है। जानकारी के अनुसार वर्ष 2026 में आईपीएस कैडर की 29 रिक्तियों के सापेक्ष पदोन्नति की कार्यवाही की जा रही है। नियमानुसार रिक्त पदों के मुकाबले तीन गुना अधिक अधिकारियों के नाम यूपीएससी को भेजे गए हैं। इसी वजह से वर्ष 1998, 1999 और 2000 बैच के साथ वर्ष 2001 बैच के कुछ अधिकारियों के नाम भी प्रस्ताव में शामिल किए गए हैं। अब यूपीएससी इन अधिकारियों की सेवा अभिलेख, गोपनीय प्रविष्टियां और उनके खिलाफ चल रही जांचों आदि का परीक्षण करेगा। यदि किसी प्रकार की आपत्ति नहीं होती है तो आयोग विभागीय प्रोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक आयोजित करेगा। इस बैठक में आयोग के अधिकारियों के अलावा मुख्य सचिव, डीजीपी और अपर मुख्य सचिव गृह भी शामिल होंगे। डीपीसी की संस्तुति के बाद गृह मंत्रालय द्वारा अंतिम नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा, जिसके बाद चयनित पीपीएस अधिकारी आईपीएस कैडर में प्रोन्नत हो जाएंगे। प्रस्तावित अधिकारियों में शोएब इकबाल, सत्यपाल सिंह, राहुल मिठास, आलोक कुमार शर्मा, राजकुमार, महेश सिंह अत्री, विनीत भटनागर, दीपिका अग्निहोत्री, जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, शशि शेखर सिंह, कुलदीप सिंह, ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद, हरेंद्र प्रताप यादव, रफीक अहमद, बंशराज सिंह यादव, डॉ. कृष्ण गोपाल, मधुवन कुमार सिंह, कपिल देव सिंह, बलवंत कुमार चौधरी, राहुल श्रीवास्तव, राजेश कुमार पांडेय, प्रीति बाला गुप्ता, विकास चंद्र त्रिपाठी, पूर्णेंदु सिंह, हरेंद्र कुमार, मार्तण्ड प्रताप सिंह, अभय नाथ त्रिपाठी, पवित्र मोहन त्रिपाठी, देवेश कुमार शर्मा, प्रशांत कुमार प्रसाद, डॉ. अरविंद कुमार, सिद्धार्थ वर्मा, विनय चंद्रा, राजेश कुमार भारतीय, शुभ्रा भास्कर और प्रवीण सिंह चौहान के नाम शामिल हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)