आजमगढ़ : स्लीपर बस ट्रेलर में घुसी, आजमगढ़ के नौ यात्रियों समेत 23 घायल

Youth India Times
By -
0





दिल्ली से आजमगढ़ आते समय तेज रफ्तार और ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा

आजमगढ़/उन्नाव। उन्नाव जिले के बांगरमऊ क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में आजमगढ़ के नौ यात्रियों समेत कुल 23 लोग घायल हो गए। हादसे में जौनपुर जिले का एक यात्री भी गंभीर रूप से जख्मी हुआ है। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही यूपीडा टीम, पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार दिल्ली से करीब 40 यात्रियों को लेकर एक स्लीपर बस आजमगढ़ की ओर आ रही थी। रविवार सुबह करीब छह बजे बांगरमऊ क्षेत्र के रघुरामपुर गांव के पास बस चालक ने आगे चल रहे ट्रेलर को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान बस अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में ट्रेलर के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा की टीम और बांगरमऊ पुलिस मौके पर पहुंच गई। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद कुछ यात्रियों को घर भेज दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे में घायल यात्रियों में चंद्रमणि शुक्ला निवासी पुरेनपत, अमेठी, नारायण दत्त द्विवेदी निवासी अहरौला, आजमगढ़, देवेंद्र कुमार द्विवेदी निवासी गोसाईगंज, सुल्तानपुर, श्रीराम सिंह निवासी हरिपुर कला, सिवान बिहार, श्वेता पाण्डेय निवासी चिनहट, लखनऊ, श्रीकांत यादव निवासी आजमगढ़, सौरभ तिवारी निवासी हयौता, आजमगढ़, सोनू सिंह निवासी बिजोरा, आजमगढ़, आकाश तिवारी निवासी शेरपुर, सुल्तानपुर, फैजान निवासी सुल्तानपुर, अजय सिंह निवासी आदमपुर तेंदुकी, अंबेडकरनगर, वेदांत यादव निवासी आदर्श नगर, सुल्तानपुर, जगदीश सिंह निवासी जयसिंहपुर, सचिन सिंह निवासी ग्राम गहरवा, जौनपुर, संतोष कुमार निवासी ग्राम उपटा, अतरौलिया, आजमगढ़, संदीप निवासी बेनीपुरी, आजमगढ़, श्रद्धा पाण्डेय निवासी करौतिया, सुल्तानपुर, संजय पाण्डेय निवासी अशोक वाटिका, साहिबाबाद गाजियाबाद, मुन्नी देवी निवासी सोनिया विहार, आजमगढ़, आयुष कुमार निवासी अशोक वाटिका, गाजियाबाद, अक्षत कुमार निवासी ग्राम कमेनूर, आजमगढ़, सुरेंद्र निवासी अकबरपुर, अंबेडकरनगर तथा अजीत निवासी किन्दौली, आजमगढ़ शामिल हैं। हादसे के बाद कुछ देर तक एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को हटवाकर बांगरमऊ टोल प्लाजा पर खड़ा करा दिया। कोतवाल अखिलेश चंद्र पाण्डेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण तेज रफ्तार और ओवरटेक के दौरान बस का नियंत्रण खोना प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)