आजमगढ़ : अंशिका पाण्डेय ने इंटर में जिले में छठा स्थान पाया, विद्यालय में हुआ भव्य सम्मान

Youth India Times
By -
0





जनता इंटर कॉलेज आतापुर ओहनी में मेधावी छात्रा सहित अन्य टॉपर्स को साइकिल, पुरस्कार व प्रतीक चिन्ह देकर किया गया सम्मानित
आजमगढ़। जिले के जनता इंटर कॉलेज आतापुर ओहनी की मेधावी छात्रा अंशिका पाण्डेय ने यूपी बोर्ड की 12वीं परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे जिले में छठा स्थान प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर मंगलवार को विद्यालय परिसर में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रा को सम्मानित कर उसका उत्साहवर्धन किया गया। समारोह के दौरान विद्यालय प्रबंधन द्वारा अंशिका पाण्डेय को उपहार स्वरूप साइकिल, प्रतीक चिन्ह एवं मिठाई देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय में टॉप करने वाले अन्य विद्यार्थियों को भी पुरस्कार एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। विद्यालय के प्रबंधक संजय यादव ने अंशिका को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल छात्रा की मेहनत का परिणाम है, बल्कि विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन और अनुशासन का भी प्रतिफल है। उन्होंने बताया कि पिछले कई वर्षों से विद्यालय के छात्र-छात्राएं लगातार उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम दे रहे हैं, जिससे विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता और पहचान लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने आगे कहा कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में स्थित होने के बावजूद जनता इंटर कॉलेज अपने बेहतर परिणामों और अनुशासित शिक्षा व्यवस्था के कारण जिले में अलग स्थान बना रहा है। इस सफलता का श्रेय प्रधानाचार्य हरेन्द्र यादव एवं समस्त शिक्षकों की कड़ी मेहनत और समर्पण को जाता है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य हरेन्द्र यादव ने भी छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर अध्ययन और अपने लक्ष्य के प्रति सजग रहने की अपील की। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक अनुरुद्ध यादव, सुनील यादव, हवलदार मौर्य, नरेन्द्र देव, बिरजू सरोज, मृत्युंजय मिश्रा, दीपक कुमार, शैलेश, रामप्यारे भारती, मेवालाल भारती, योगेन्द्र प्रसाद, जनार्दन यादव सहित अन्य शिक्षकगण, अभिभावक और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का माहौल उत्साह और गौरव से भरा रहा, जहां सभी ने छात्रा की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)