आजमगढ़ : चलती बस में लगी भीषण आग

Youth India Times
By -
0





चालक की सूझबूझ और तत्परता से टला बड़ा हादसा

आजमगढ़। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बृहस्पतिवार की दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब जयपुर से पश्चिम बंगाल जा रही एक यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई। यह घटना दोपहर करीब 2:15 बजे माइल स्टोन 188.6 के पास सहेला गांव के निकट हुई। देखते ही देखते बस धू-धू कर जलने लगी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीण संदीप अग्रहरि और रितेश सिंह के अनुसार, बस जैसे ही सहेला गांव के पास पहुंची, उसमें अचानक धुआं उठने लगा। यात्रियों ने तुरंत इसकी जानकारी चालक को दी। स्थिति को भांपते हुए चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर रोक दिया और तेजी से सभी यात्रियों को नीचे उतार दिया। यात्रियों के सुरक्षित उतरते ही कुछ ही मिनटों में बस में आग भड़क उठी और पूरी बस उसकी चपेट में आ गई। आग इतनी तेज थी कि बस पूरी तरह जलने लगी। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। इस घटना के चलते कुछ समय के लिए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने नियंत्रित कर सामान्य कराया। थानाध्यक्ष पवई राकेश कुमार सिंह ने बताया कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि चालक की सूझबूझ और तत्परता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)