MLC ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, उच्चस्तरीय जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर कठोर कार्रवाई की मांग
आजमगढ़। जनपद में भारतीय जनता पार्टी के एक बूथ अध्यक्ष के कथित ‘हाफ एनकाउंटर’ और फर्जी मुकदमे में फंसाए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस प्रकरण को लेकर विधान परिषद सदस्य देवेन्द्र प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर उच्चस्तरीय जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। MLC ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि 28 मार्च 2026 को थाना जीयनपुर क्षेत्र के ग्राम चकलाल चंद निवासी भाजपा बूथ अध्यक्ष धर्मेन्द्र उर्फ अभिषेक को आजमगढ़ पुलिस ने दोपहर करीब 12:40 बजे उनके घर से जबरन उठा लिया। इसके बाद 29 मार्च को जीयनपुर कोतवाली में उनके खिलाफ कथित रूप से फर्जी प्राथमिकी दर्ज कर ‘हाफ एनकाउंटर’ दिखाते हुए जेल भेज दिया गया। पत्र में यह भी दावा किया गया है कि घटना पास के एक सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई थी, लेकिन बाद में पुलिसकर्मियों द्वारा उस फुटेज को नष्ट कर दिया गया। इस पूरे घटनाक्रम से क्षेत्र में आक्रोश और रोष का माहौल बताया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी के बूथ अध्यक्ष के साथ इस प्रकार की कार्रवाई को MLC ने गंभीर बताते हुए इसमें शामिल सभी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि दोषियों पर कार्रवाई न होने से उनकी भूमिका भी संदेह के घेरे में है। MLC ने मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।






