निजामाबाद के मुस्लिम पट्टी गांव में पुलिस की कार्रवाई, विरोध के बीच 5 लोग हिरासत में
आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत मुस्लिम पट्टी गांव में 5 अप्रैल को ग्राम समाज की जमीन पर बिना अनुमति डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति स्थापित किए जाने का मामला सामने आया। जानकारी होने पर पुलिस प्रशासन ने स्थानीय लोगों को बुलाकर मूर्ति हटाने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण इसके लिए तैयार नहीं हुए। पुलिस के अनुसार, शासनादेश के तहत बिना अनुमति किसी भी सार्वजनिक स्थल या ग्राम समाज की जमीन पर मूर्ति स्थापित करना नियमों के विरुद्ध है। साथ ही, मूर्ति के आसपास अन्य समुदाय की जमीन होने के कारण भविष्य में विवाद की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात निजामाबाद पुलिस ने फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर मूर्ति को वहां से हटाकर अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान गांव के कुछ लोगों ने विरोध किया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस ने शांति भंग की आशंका के तहत 23 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है, जबकि 5 लोगों को हिरासत में लिया गया है। थाना अध्यक्ष निजामाबाद ने बताया कि मामले में आगे भी विधिक कार्रवाई जारी रहेगी और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है।






