आज़मगढ़ : प्रेमी से शादी की जिद पर युवती मोबाइल टॉवर पर चढ़ी, इलाके में मचा हड़कंप

Youth India Times
By -
0

 






पुलिस ने घंटों समझाने के बाद सुरक्षित उतारा, परिजनों के विरोध से नाराज थी युवती
आजमगढ़। जनपद के सरायमीर थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 19 वर्षीय युवती प्रेमी से शादी करने की जिद में नन्दाव मोड़ स्थित मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। युवती को टॉवर पर चढ़ा देख आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस के अनुसार युवती का दीदारगंज थाना क्षेत्र के नंदाव गांव निवासी एक युवक से लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों अलग-अलग समुदाय से हैं, जिसके चलते युवती के परिजन इस रिश्ते का विरोध कर रहे थे। बताया गया कि करीब तीन महीने पहले युवती अपने प्रेमी के साथ घर से फरार हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने जनवरी में दोनों को बरामद कर लिया था और युवती के परिजनों की तहरीर पर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया था। बाद में युवक जमानत पर रिहा हो गया। सूत्रों के मुताबिक, प्रेमी के जमानत पर छूटने की जानकारी मिलते ही युवती दोबारा उससे शादी करने की जिद पर अड़ गई। परिजनों के विरोध से नाराज होकर उसने यह कदम उठाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवती से पूछताछ की जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)