आजमगढ़। जनपद के थाना मेंहनगर क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। 50 हजार रुपये के इनामिया वांछित गैंगस्टर को STF और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया आरोपी अंतरप्रांतीय गिरोह का सक्रिय सदस्य है, जो अवैध शराब तस्करी सहित कई आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त था। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह हरियाणा से बिहार तक अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी करता था। वर्ष 2023 में थाना देवगांव क्षेत्र में भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद होने के बाद इस गिरोह का खुलासा हुआ था। मामले में धोखाधड़ी, जालसाजी और आबकारी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। बाद में गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत STF फील्ड यूनिट प्रयागराज और मेंहनगर पुलिस की टीम ने 18 अप्रैल 2026 को विकास सोरण को गिरफ्तार किया। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लाकर स्थानीय थाने में दाखिल किया गया, जहां उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त विकास सोरण, हरियाणा के हिसार जनपद का निवासी है और उसके खिलाफ विभिन्न राज्यों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम के मामले भी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर पहले 25 हजार और बाद में 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रणेंद्र कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी और STF की टीम शामिल रही, जिन्होंने इस कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।






