पुलिस ने पासपोर्ट, आधार कार्ड और नकदी को लिया कब्जे में
आजमगढ़। जनपद के जीयनपुर थाना क्षेत्र में फर्जी दस्तावेजों के सहारे विदेश जाने के मामले में पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त ने वर्ष 2017 में अपना वास्तविक नाम-पता और आपराधिक मुकदमा छिपाकर फर्जी पते पर पासपोर्ट बनवाया था। इस मामले का खुलासा तब हुआ जब नौशहरा निवासी तबस्सूम ने थाना जीयनपुर में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 190/2026 धारा 419, 420, 467, 468, 471 भादंवि तथा 12(1)(b) पासपोर्ट अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। मंगलवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए बेरमा गेट के पास से अभियुक्त नेहाल हासिम (41 वर्ष) निवासी चकसिकठी इस्लामपुरा, थाना मुबारकपुर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक भारतीय पासपोर्ट, एक आधार कार्ड और 200 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में एनडीपीएस एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज है। फिलहाल पुलिस ने अभियुक्त को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।





