आजमगढ़ : वलीमा की तैयारियों के बीच दो पक्षों में खूनी संघर्ष, चले धारदार हथियार, युवक गंभीर रूप से घायल

Youth India Times
By -
0

 






पूर्व प्रधान सहित पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज
रिपोर्ट : आरपी सिंह
आजमगढ़। जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जौमा में सोमवार रात करीब 10 बजे हाईमास्ट लाइट के नियंत्रण को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान लाठी-डंडों, ईंट-पत्थरों के साथ धारदार हथियारों का भी इस्तेमाल हुआ, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, जौमा गांव के धोबियाना मोहल्ले में सलाम के पुत्र ओकाश उर्फ सुग्गु की शादी थी। बारात जाने के बाद मंगलवार को दावत-ए-वलीमा का कार्यक्रम प्रस्तावित था, जिसके चलते घर में तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच मोहल्ले में लगी विधायक निधि से स्थापित हाईमास्ट लाइट को लेकर विवाद खड़ा हो गया। बताया जाता है कि यह लाइट पूर्व प्रधान मो. अकरम के प्रयास से लगाई गई थी और इसके संचालन को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा था।सोमवार रात लाइट बंद थी, जिसे लालधारी यादव के बेटे द्वारा ताला तोड़कर जला दिया गया। इस पर पूर्व प्रधान पक्ष के लोगों ने आपत्ति जताई और कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद मारपीट में बदल गया। झड़प के दौरान इश्लाम पक्ष के मो. आतिफ (20) पुत्र बदरुद्दीन को धारदार हथियार से गंभीर चोट आई। सूचना पर थाना प्रभारी सच्चिदानंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया। घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां से गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, घायल के पिता बदरे आलम की तहरीर पर पूर्व प्रधान मो. अकरम समेत पांच लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)