चारधाम से यात्रा कर वापस लौटते समय पूर्वांचल एक्सप्रेस पर हुआ हादसा
रिपोर्ट-बबलू राय, पटवध
आजमगढ़। जनपद में सोमवार की सुबह चारधाम यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर तहबरपुर थाना क्षेत्र के ददरा गांव के पास उनकी कार एक आॅक्सीजन सिलेंडर लदे ट्रक में पीछे से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में गाजीपुर जनपद के जखनिया थाना क्षेत्र के अल्लीपुर मनरा गांव निवासी 48 वर्षीय सुनीता सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वह रामपुर मनरा स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका के पद पर तैनात थीं। उनके निधन की खबर से विद्यालय परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र के बुढ़नपुर गांव निवासी 50 वर्षीय अधिवक्ता रजनीश पांडेय की भी हादसे में मौत हो गई। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे के समय कार चला रहे 55 वर्षीय अखिलानंद तिवारी, जो सुनीता सिंह के पति बताए जा रहे हैं, गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा संजय पांडेय और उनकी पत्नी रानी पांडेय भी घायल हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार तेज रफ्तार में थी और अचानक आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही तहबरपुर पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंच गई। काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु चारधाम यात्रा पूरी कर अपने घर लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही उनके गांवों में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।





