आज़मगढ़ : हाईस्कूल-इंटर परीक्षा में साल्वर बनकर बैठी युवती गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0

 






आधार कार्ड में फोटो टैम्परिंग कर दे रही थी परीक्षा, STF व पुलिस की कार्रवाई में गिरोह का खुलासा
आजमगढ़। जनपद के थाना गम्भीरपुर क्षेत्र में वर्ष 2025 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के दौरान साल्वर गैंग के खुलासे के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एक वर्ष से फरार चल रही वांछित अभियुक्ता को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। जानकारी के अनुसार, माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश प्रयागराज द्वारा आयोजित परीक्षा को नकल विहीन बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 6 मार्च 2025 को पंडित कामता प्रसाद इंटर कॉलेज, मुडहर ठेकमा में STF और गम्भीरपुर पुलिस ने संयुक्त छापेमारी की थी। जांच में सामने आया था कि असली परीक्षार्थियों की जगह दूसरे लोग आधार कार्ड में फोटो बदलकर परीक्षा दे रहे थे। इस मामले में विद्यालय प्रबंधन पर भी गंभीर आरोप लगे थे। आरोप था कि प्रबंधक विजय तिवारी और प्रधानाचार्य बबिता तिवारी परीक्षार्थियों से अवैध धन लेकर इस फर्जीवाड़े को अंजाम दे रहे थे। मौके से कई लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि कुछ आरोपी फरार हो गए थे। विवेचना के दौरान रश्मी बिन्द पुत्री रामफेर बिन्द निवासी संदहा, थाना मेहनगर का नाम सामने आया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत 4 अप्रैल 2026 को उपनिरीक्षक विपिन कुमार द्विवेदी व उनकी टीम ने अभियुक्ता को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्ता ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए गलती के लिए माफी मांगी है और न्यायालय में अपना पक्ष रखने की बात कही है। पुलिस के अनुसार अभियुक्ता का कोई पूर्व आपराधिक इतिहास नहीं है। पुलिस ने अभियुक्ता के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विपिन कुमार द्विवेदी, कांस्टेबल अभय चौधरी, पवन कुमार और महिला कांस्टेबल शीला यादव शामिल रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)