सीबीएसई हाईस्कूल रिजल्ट में साक्षी यादव ने जिला टॉप कर बढ़ाया विद्यालय का मान
निरंतर परिश्रम व लगन से किया गया कार्य हमेशा देता है सराहनीय परिणाम-गंभीर सिंह, एडीएम
आजमगढ़। सीबीएसई बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा परिणाम में इस वर्ष सर्वोदय पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। विद्यालय की छात्रा साक्षी यादव ने 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर आजमगढ़ जनपद में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि रिया रंजन ने 97.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। छात्राओं की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर आज अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) गम्भीर सिंह एवं उप जिलाधिकारी सदर नरेन्द्र कुमार गंगवार ने संयुक्त रूप से साक्षी यादव, रिया रंजन तथा उनके अभिभावकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यालय की ओर से स्मृति चिह्न प्रदान कर बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई। अपर जिलाधिकारी गम्भीर सिंह ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि निरंतर परिश्रम और लगन से किया गया कार्य हमेशा सराहनीय परिणाम देता है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भी इनसे प्रेरणा लेने की बात कही। इस अवसर पर विद्यालय संस्थापक/प्रबन्धक राजेन्द्र प्रसाद यादव सहित अध्यापक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।





