पति ने भी छोड़ा साथ, पीड़िता ने लगाई न्याय की गुहार
आजमगढ़। जनपद के थाना रानी की सराय क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और बाद में अश्लील फोटो व वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाना प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका प्रेम संबंध थाना कोतवाली क्षेत्र के ककरहटा (बड़ा पुरवा) निवासी नवाज पुत्र सुलेमान के साथ लगभग पांच वर्षों से था। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने शादी का आश्वासन देकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और इस दौरान उसके अश्लील फोटो व वीडियो भी अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिए। पीड़िता के अनुसार जब वह आरोपी से शादी करने की बात कहती थी तो वह टालमटोल करता रहा। इसी बीच परिजनों ने उसकी शादी अन्य व्यक्ति से कर दी। आरोप है कि शादी की जानकारी होने के बाद आरोपी ने उससे 10 लाख रुपये की मांग की और रकम न देने पर वीडियो व फोटो वायरल करने की धमकी दी। महिला का कहना है कि पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने उसकी आपत्तिजनक सामग्री उसके पति के मोबाइल पर भेज दी, जिससे आहत होकर उसके पति ने उसे छोड़ दिया। पीड़िता ने थाना प्रभारी से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि उसे न्याय मिल सके। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





