आजमगढ़ : शिब्ली नेशनल कॉलेज में एडमिशन प्रक्रिया शुरू, 27 मई तक करें ऑनलाइन आवेदन

Youth India Times
By -
0




यूजी, पीजी व प्रोफेशनल कोर्स में प्रवेश के लिए पहले यूनिवर्सिटी रजिस्ट्रेशन अनिवार्य

आज़मगढ़। शिब्ली नेशनल कॉलेज में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक, स्नातकोत्तर एवं विभिन्न व्यवसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 29 अप्रैल, 2026 से 27 मई, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अफसर अली ने बताया कि स्नातक स्तर पर बीए, बी.कॉम. और बी.एससी. के साथ-साथ बीबीए, बीसीए, एलएलबी, बीएससी बायोटेक्नोलॉजी, बायोकैमिस्ट्री, माइक्रोबायोलॉजी, इंडस्ट्रियल केमिस्ट्री, कंप्यूटर साइंस और जियोलॉजी जैसे व्यवसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसके अलावा स्नातकोत्तर (पीजी) के सभी पाठ्यक्रमों और एलएलएम में भी प्रवेश के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। अभ्यर्थियों को आवेदन महाविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.shiblicollege.ac.in के माध्यम से ही करना होगा। आवेदन शुल्क का भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम जैसे यूपीआई (Paytm, Google Pay, PhonePe), डेबिट/क्रेडिट कार्ड और इंटरनेट बैंकिंग से किया जाएगा। प्रवेश प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों को पहले महाराजा सुहेल देव राज्य विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर पंजीकरण कर यूनिवर्सिटी रजिस्ट्रेशन नंबर (URN) प्राप्त करना होगा। इसके बाद शिब्ली नेशनल कॉलेज के आवेदन फॉर्म में संबंधित विवरण भरकर प्रक्रिया पूरी करनी होगी। महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार, प्रवेश-पत्र डाउनलोड करने और प्रवेश परीक्षा से संबंधित तिथियों की जानकारी समय-समय पर वेबसाइट पर जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन से पहले दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें और अंतिम तिथि से पहले आवेदन सुनिश्चित करें। किसी भी समस्या की स्थिति में अभ्यर्थी महाविद्यालय की हेल्पलाइन से संपर्क कर सकते हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)