मुंबई में एसबीआई चेयरमैन सी.एस. शेट्टी व बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने किया सम्मानित, पूरे देश से केवल तीन लोगों का चयन
राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त कर चुकी हैं रंजीता सिंह, प्रयागराज में एनआरआई शाखा की प्रबंधक के रूप में दे रहीं सेवाएं
आजमगढ़। जनपद के सरायमीर क्षेत्र के गांव खनिगह निवासी स्वर्गीय अशोक सिंह की पुत्री रंजीता सिंह ने एक बार फिर अपने गांव और जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। रंजीता सिंह, जो वर्तमान में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की प्रयागराज स्थित एनआरआई शाखा में प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं, को 6 मार्च 2026 को मुंबई में स्टेट बैंक के चेयरमैन श्री सी. एस. शेट्टी एवं बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स द्वारा बैंक के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित और पुरस्कृत किया गया। इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए पूरे भारत से केवल तीन लोगों का चयन किया गया था, जिनमें उत्तर भारत से श्रीमती रंजीता सिंह को चुना जाना जनपद आजमगढ़ के लिए गौरव की बात है। इसके बाद 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा भी उन्हें उत्कृष्ट बैंक कर्मचारी (प्रयागराज मंडल) के रूप में चयनित किया गया। इस अवसर पर विकास भवन, प्रयागराज के प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में सांसद प्रवीण पटेल, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा तथा मुख्य विकास अधिकारी सुश्री हर्षिका सिंह ने उन्हें शील्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। गौरतलब है कि रंजीता सिंह को इससे पूर्व वर्ष 2013 में भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति स्वर्गीय प्रणव मुखर्जी द्वारा राष्ट्रपति पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। इसके साथ ही उन्होंने वर्ष 2009 में इटावा इंजीनियरिंग कॉलेज से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बी.टेक करते हुए गोल्ड मेडल प्राप्त किया था। रंजीता सिंह की इस उपलब्धि से उनके गांव खनिगह सहित पूरे जनपद आजमगढ़ में खुशी का माहौल है और लोग इसे अपने क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि मान रहे हैं।






