![]() |
| सांकेतिक तस्वीर |
रिपोर्ट : विशाल कुमार
आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र के छितौनी मोड़ के पास सोमवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक स्विफ्ट डिजायर कार पर फायरिंग कर दी। घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि इस दौरान कार में सवार लोग बाल-बाल बच गए और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मिली जानकारी के अनुसार देर रात छितौनी मोड़ के पास कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने स्विफ्ट डिजायर कार को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर अतरौलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहां कार पर गोली लगने के निशान पाए गए। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि छितौनी मोड़ के पास गोली चलने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें एक स्विफ्ट डिजायर कार पर गोली लगने की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर मामले की गहनता से जांच की जा रही है।





