दीदारगंज थाना क्षेत्र के बैरकडीह गांव के पास की घटना, ग्रामीणों में मची अफरा-तफरी
समझाने के बाद भी नहीं मानी, विवाह की बात सुनने के आश्वासन पर नीचे उतरी किशोरी
दीदारगंज-आजमगढ़। दीदारगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक अजीबोगरीब घटना सामने आई, जब प्रेम प्रसंग के चलते एक किशोरी हाईवोल्टेज बिजली के खम्भे पर चढ़ गई। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद भी किशोरी खम्भे से उतरने को तैयार नहीं हुई। अंतत: पुलिस के आश्वासन के बाद वह नीचे उतरी, जिसके बाद पुलिस उसे अपने साथ कोतवाली ले गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार दीदारगंज थाना क्षेत्र के बैरकडीह गांव की उत्तर सीवान में स्थित हाईवोल्टेज विद्युत खम्भे पर मंगलवार को करीब साढ़े बारह बजे नटौली गांव की अनुसूचित बस्ती की एक किशोरी अचानक चढ़ गई। बताया जाता है कि वह अपने प्रेमी से विवाह करने की जिद पर अड़ी हुई थी। घटना को सबसे पहले आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने देखा, जिसके बाद शोर मचाया गया। देखते ही देखते आसपास के गांवों के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने काफी देर तक किशोरी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही और बार-बार यही कहती रही कि वह अपने प्रेमी से ही शादी करेगी। हाईवोल्टेज खम्भे पर चढ़ने के कारण लोगों में किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रही, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर शाहगंज कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने भी काफी देर तक किशोरी को समझाने का प्रयास किया। आखिरकार पुलिस ने उसे आश्वासन दिया कि उसकी बात सुनी जाएगी और उसके प्रेमी से विवाह के संबंध में उचित कार्यवाही की जाएगी। पुलिस के इस भरोसे के बाद किशोरी खम्भे से नीचे उतर आई। चूंकि प्रेमिका का निवासी जौनपुर जनपद में है, इसलिए जौनपुर जनपद की पुलिस शाहगंज कोतवाली ले गई, जहां उससे पूछताछ कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना दिनभर इलाके में चर्चा का विषय बनी रही।





