आजमगढ़ : बहनोई के प्यार में पति को आत्महत्या के लिए किया मजबूर

Youth India Times
By -
0





संपत्ति हड़पने के लिए रची साजिश, मां ने रहस्य से उठाया पर्दा

आजमगढ़। जनपद के जीयनपुर थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले की रहने वाली महिला ने अपने बेटे की मौत को लेकर बहू और उसके बहनोई पर गंभीर आरोप लगाते हुए अदालत में प्रार्थना पत्र दिया है। प्रार्थिनी ने आरोप लगाया है कि उसके बेटे को प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया और अब उसकी संपत्ति हड़पने की कोशिश की जा रही है। पीड़िता काल्पी देवी के अनुसार उनके पति की पहले ही मृत्यु हो चुकी है और उनके दो बेटे हैं। छोटे बेटे रविंद्र की शादी 1 जून 2025 को रीना देवी के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही रीना देवी परिवार को तरह-तरह से परेशान करने लगी, जिससे तंग आकर उसे अलग कर दिया गया। इसके बाद वह अपने पति रविंद्र के साथ गांव वाले मकान में रहने लगी, जबकि प्रार्थिनी बड़े बेटे के साथ जीयनपुर बाजार स्थित मकान में रहने लगीं। प्रार्थिनी ने आरोप लगाया है कि उनकी बहू रीना देवी का उसके बहनोई अखिलेश निवासी हैदराबाद मुबारकपुर रौजा, थाना मुबारकपुर से अवैध संबंध था और दोनों संपत्ति के लालच में साजिश रच रहे थे। इसी क्रम में रीना देवी ने पहले भी एक मुकदमा दर्ज कराया था। काल्पी देवी का कहना है कि 13 अक्टूबर 2025 की रात रीना देवी ने अपने घर पर कुछ लोगों को बुलाकर पार्टी की, जिसमें शराब और मांस भी परोसा गया। आरोप है कि पार्टी के बाद रीना देवी और उसके बहनोई अखिलेश ने मिलकर रविंद्र को बुरी तरह डांटा-फटकारा और प्रताड़ित किया। इससे मानसिक रूप से आहत होकर रविंद्र ने आत्महत्या कर ली। काल्पी का आरोप है कि घटना की सही जानकारी उन्हें समय पर नहीं दी गई और गांव के एक रिश्तेदार द्वारा थाने में गलत तथ्यों के आधार पर प्रार्थना पत्र दिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बेटे की मृत्यु के कुछ ही समय बाद रीना देवी ने खुद को वारिस बताकर खतौनी में अपना नाम दर्ज करा लिया। काल्पी देवी का कहना है कि उन्होंने कई बार जीयनपुर थाने में शिकायत की, लेकिन पुलिस ने न तो मुकदमा दर्ज किया और न ही कोई कार्रवाई की। इसके बाद उन्होंने 14 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ को भी रजिस्टर्ड डाक से शिकायत भेजी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। थक-हार कर प्रार्थिनी ने अदालत में प्रार्थना पत्र देकर थानाध्यक्ष जीयनपुर को रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश देने की मांग की है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)