यूपी में नए डीजीपी की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू, यूपीएससी को भेजा गया पैनल

Youth India Times
By -
0





30 वर्ष सेवा पूरी कर चुके आईपीएस अधिकारियों के नाम शामिल, अंतिम चयन के लिए तीन नाम लौटाएगा आयोग

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) की नियुक्ति को लेकर प्रक्रिया तेज हो गई है। Supreme Court of India के निर्देशानुसार राज्यों में डीजीपी नियुक्ति के लिए Union Public Service Commission (यूपीएससी) को पैनल भेजना अनिवार्य किए जाने के बाद गृह विभाग ने औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। प्रदेश सरकार ने मंगलवार को आईपीएस अधिकारियों का पैनल यूपीएससी को भेज दिया है। इस पैनल में उन अधिकारियों के नाम शामिल हैं, जिन्होंने 30 वर्ष की सेवा पूरी कर ली है। सूत्रों के अनुसार, वर्ष 1990 से 1996 बैच के तीन दर्जन से अधिक आईपीएस अधिकारियों को इसमें शामिल किया गया है। अब यूपीएससी वरिष्ठता और सेवा अभिलेखों के आधार पर तीन अधिकारियों के नामों का चयन कर राज्य सरकार को भेजेगा। इसके बाद प्रदेश सरकार इनमें से एक अधिकारी को डीजीपी पद के लिए नियुक्त करेगी। वर्तमान वरिष्ठता सूची में वर्ष 1990 बैच की आईपीएस अधिकारी और डीजी रेणुका मिश्रा शीर्ष स्थान पर हैं। उनके बाद वर्ष 1991 बैच के आलोक शर्मा (डीजी, एसपीजी) और पीयूष आनंद (डीजी, एनडीआरएफ) का नाम आता है। इनके बाद वर्तमान डीजीपी राजीव कृष्ण का स्थान है। माना जा रहा है कि यूपीएससी से पैनल वापस आने के बाद प्रदेश सरकार द्वारा वर्तमान डीजीपी राजीव कृष्ण के नाम पर ही अंतिम मुहर लगाई जा सकती है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)