आजमगढ़। जिले में ग्राम प्रधान पर दिनदहाड़े जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। मेंहनगर थाना क्षेत्र के रामदासपुर गांव के ग्राम प्रधान लालजी यादव ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने उन्हें रोककर मारपीट की और जेब से नकदी छीन ली। प्रार्थना पत्र के अनुसार, लालजी यादव 12 मार्च को अपने निजी कार्य से आजमगढ़ शहर आए थे। कार्य पूरा करने के बाद जब वह दोपहर करीब दो बजे अपने गांव लौट रहे थे, तभी पलिया पुल से थोड़ा आगे पांच लोग आए और उन्हें नमस्ते कर रोक लिया। आरोप है कि रुकने के बाद हमलावरों ने उनकी गाड़ी की चाबी निकालने की कोशिश की और कॉलर पकड़कर जान से मारने की नीयत से मारपीट शुरू कर दी। ग्राम प्रधान का आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया और उनकी जेब से 4700 रुपये छीन लिए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उनकी जान बचाई। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। लालजी यादव ने यह भी बताया कि इससे पहले बीते 15 दिसंबर को भी चार लोगों ने उन पर जानलेवा हमला किया था। उस समय उन्होंने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई थी और घटना की सूचना मेंहनगर थाने में दी थी, लेकिन आरोप है कि उस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित ग्राम प्रधान ने अब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है।
आजमगढ़ : ग्राम प्रधान पर जानलेवा हमला, मारपीट कर छीने रुपये
By -
Friday, March 13, 2026
0
Tags:







