आजमगढ़ : दलित महिला ने दबंग पर मारपीट व अश्लील हरकत का लगाया आरोप

Youth India Times
By -
0





मकान निर्माण के दौरान 50 हजार रुपये की मांग का आरोप, सीओ से लगाई न्याय की गुहार

गैंगस्टर एक्ट के आरोपी पर एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज करने की मांग
आजमगढ़। जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गौरी गांव की रहने वाली एक दलित महिला ने गांव के ही एक दबंग व्यक्ति पर मारपीट, गाली-गलौज और अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले की शिकायत करते हुए क्षेत्राधिकारी (सीओ) सदर को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता रीना पत्नी राजकुमार के अनुसार वह अपने ससुर की करीब 50 वर्ष पुरानी जमीन पर कर्ज लेकर अपना मकान बनवा रही थी। आरोप है कि 8 मार्च को दोपहर करीब तीन बजे गांव का ही सफदर पुत्र एकलाक अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंच गया और मकान निर्माण कराने के लिए 50 हजार रुपये की मांग करने लगा। महिला ने पैसे देने में असमर्थता जताई तो उसने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। रीना का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने उसके बाल पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और लात-घूंसों व थप्पड़ों से मारपीट की। इतना ही नहीं, उसने महिला के साथ अश्लील हरकत भी की, जिससे उसकी साड़ी फट गई। महिला के शोर मचाने पर गांव के कई लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। पीड़िता का कहना है कि मारपीट में उसके सिर और शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। उसने पुलिस से मेडिकल परीक्षण कराने और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी क्षेत्र का दबंग और हिस्ट्रीशीटर है, जिससे पूरा परिवार डरा हुआ है। पीड़िता ने सीओ सदर से मांग की है कि गंभीरपुर थाने को निर्देश देकर आरोपी सफदर के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उसे न्याय मिल सके।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)