सगड़ी में डॉ. अमित सिंह के आयोजन में उमड़ा जनसैलाब, सपा नेताओं की रही मौजूदगी
डॉ. अमित सिंह ने उठाए रोजगार और किसानों के मुद्दे, ‘पीडीए’ की बात दोहराई
आजमगढ़। होली के अवसर पर आजमगढ़ के सगड़ी विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के नेता और जिले के चर्चित चिकित्सक डॉ. अमित सिंह द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी देखने को मिली। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्वांचल के कद्दावर नेता, जमनिया विधायक और पूर्व मंत्री ओम प्रकाश सिंह शामिल हुए। कार्यक्रम में लोगों का उत्साह देखते हुए ओम प्रकाश सिंह काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने मंच से डॉ. अमित सिंह के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राजनीति में युवाओं की सक्रिय भागीदारी लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत है। उन्होंने अपने पुराने राजनीतिक संघर्षों का जिक्र करते हुए कहा कि समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने के लिए कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा, लेकिन जनता के भरोसे ने उन्हें कई बार विधायक बनाकर सेवा का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ सिर्फ इतिहास पढ़ने वाला जिला नहीं बल्कि इतिहास बनाने वाला जिला रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश और प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ गया है और तहसील से लेकर थानों तक आम जनता परेशान है। ओम प्रकाश सिंह ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी 300 से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि किसान, नौजवान, बुनकर और महिलाएं सभी समस्याओं से जूझ रहे हैं और यही नाराजगी आगामी चुनाव में बदलाव का कारण बनेगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश की राजनीति में पूर्वांचल की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है और आने वाले चुनाव में भी पूर्वांचल ही दिशा तय करेगा। कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, सदर विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, पूर्व एमएलसी कमला यादव, विधायक संग्राम यादव और विधायक अखिलेश यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं कार्यक्रम के आयोजक डॉ. अमित सिंह ने कहा कि होली मिलन जैसे आयोजन केवल त्योहार मनाने का माध्यम नहीं होते, बल्कि कार्यकर्ताओं और नेताओं को एक मंच पर जोड़ने का अवसर भी देते हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं का आशीर्वाद उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।डॉ. अमित सिंह ने कहा कि अब लोगों को जागरूक होकर यह देखना होगा कि उनके बच्चों की पढ़ाई, माता-पिता की दवाई और युवाओं की कमाई का इंतजाम कैसे हो रहा है। उन्होंने किसानों की आय, पिछड़े वर्गों के अधिकार और युवाओं के रोजगार के मुद्दे को भी अहम बताया। उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के “पीडीए” (पीड़ित, दलित और वंचित) के नारे का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी इन वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही है। साथ ही केंद्र सरकार के हर साल दो करोड़ नौकरियों के वादे पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज युवाओं के सामने भविष्य को लेकर बड़ा संकट खड़ा हो गया है। सगड़ी के वर्तमान विधायक डॉ. एचएन सिंह पटेल के कार्यक्रम में शामिल न होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि विधायक से उनकी बातचीत हुई थी और उन्होंने पहले ही अपनी व्यस्तता के कारण लखनऊ में होने की जानकारी दी थी। कार्यक्रम के अंत में नेताओं ने सभी को होली की शुभकामनाएं दीं और प्रेम, भाईचारे व एकता का संदेश दिया। बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर होली की बधाई दी।






