पुलिस व अग्निशमन विभाग ने बच्चों को बताए हेल्पलाइन नंबर व ट्रैफिक नियम
साइबर अपराध, बाढ़ व आग से बचाव के लिए किया गया प्रायोगिक प्रशिक्षण
आजमगढ़। प्रतिभा निकेतन इंटर कॉलेज, एटलस पोखरा, आजमगढ़ के प्रांगण में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा, ट्रैफिक पुलिस तथा महिला एवं बाल कल्याण संगठन, पुलिस कार्यालय आजमगढ़ द्वारा संयुक्त रूप से जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों 1090, 112, 102 तथा साइबर अपराध से संबंधित जानकारी प्रदान की गई। ट्रैफिक पुलिस के सी जयशंकर सिंह ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी देते हुए बताया कि चौक-चौराहों पर लगे सिग्नल का पालन करते हुए ही सड़क पार करनी चाहिए तथा कभी भी बाईं ओर से ओवरटेकिंग नहीं करनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को 18 वर्ष की आयु पूरी होने से पहले वाहन न चलाने की सलाह भी दी। महिला एवं बाल कल्याण संगठन, पुलिस कार्यालय आजमगढ़ से प्रभारी वरुणेश कुमार मिश्रा ने बच्चों को बताया कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या दुर्घटना की आशंका होने पर तुरंत 1090 एवं 112 नंबर पर सूचना दें। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस लगभग 10 मिनट के भीतर सहायता के लिए पहुंच जाती है। साइबर क्राइम से संबंधित जानकारी देते हुए रविंद्र प्रताप यादव, कांस्टेबल शिल्पा तिवारी एवं आराधना तिवारी ने बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करना चाहिए। अग्निशमन विभाग के नीरज कुमार दुबे ने विद्यार्थियों को बाढ़ से बचाव के उपाय बताते हुए कहा कि ऐसी स्थिति में ऊंचे स्थान पर जाना चाहिए तथा आवश्यक कागजात, जरूरी सामान और ड्राई फूड साथ रखना चाहिए। उन्होंने आग लगने की स्थिति में उसे बुझाने का प्रायोगिक प्रशिक्षण भी बच्चों को दिया। विद्यालय के प्रबंधक रमाकांत वर्मा ने कहा कि आपातकालीन स्थिति में हेल्पलाइन नंबरों के साथ-साथ आसपास के लोगों को सतर्क करने के लिए जोर से आवाज लगाना भी आवश्यक है, जिससे समय रहते सहायता मिल सके। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य ध्रुव चंद्र मौर्य ने सभी विभागों से आए अधिकारियों व कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को अपने दैनिक जीवन में सुरक्षा संबंधी उपायों को अपनाना चाहिए। इस अवसर पर प्रीति श्रीवास्तव, रमेश चंद्र मिश्रा, मनोज कुमार शर्मा, राजेश तिवारी, जयप्रकाश सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे।



