आजमगढ़ : तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार बालिका को रौंदा, मौके पर मौत

Youth India Times
By -
0

 





थाने से चंद कदम की दूरी पर हुआ दर्दनाक हादसा, चालक फरार
गुस्साए ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर की कार्रवाई की मांग
आजमगढ़। मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र के तरवां मार्ग पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार 11 वर्षीय बालिका की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बालिका काफी दूर जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतका की पहचान मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र के चकेरा परिसिनिया गांव निवासी रिया कनौजिया (11) पुत्री के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रिया दोपहर के समय किसी काम से साइकिल द्वारा मेंहनाजपुर बाजार जा रही थी। वह जैसे ही मेंहनाजपुर थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर पहुंची, तभी तरवां की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे पीछे से रौंद दिया। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही स्वजन बालिका को आनन-फानन में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। बालिका की मौत से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से आक्रोशित ग्रामीण थाने पहुंच गए और फरार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच पड़ताल करते हुए विधिक कार्रवाई में जुट गई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)