गोंडा के इटहिया नवीजोत गांव में था भूकंप का केंद्र
प्रशासन अलर्ट, कच्चे व जर्जर भवनों की जांच के निर्देश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शुक्रवार की सुबह एक बार फिर धरती हिलने से लोग सहम गए। राजधानी लखनऊ सहित आसपास के जिलों में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। मौसम विभाग और भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.7 मापी गई। भूकंप का केंद्र गोंडा जिले के इटियाथोक क्षेत्र स्थित इटहिया नवीजोत गांव में जमीन की सतह से लगभग 10 किलोमीटर नीचे बताया गया है। भूकंप सुबह करीब 7 बजकर 32 मिनट पर आया, जब अधिकांश लोग अपने दैनिक कार्यों में व्यस्त थे। हालांकि तीव्रता कम होने के कारण आम लोगों को झटके ज्यादा महसूस नहीं हुए, लेकिन लखनऊ की हाईराइज इमारतों में रहने वाले कुछ लोगों ने कुछ सेकंड के लिए फर्श और दीवारों में कंपन महसूस होने की बात कही। भूकंप की सूचना मिलते ही गोंडा और आसपास के जिलों का प्रशासन सतर्क हो गया। जिला प्रशासन द्वारा नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और लेखपालों को मौके पर भेजकर स्थिति का जायजा लिया गया। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने भूकंप की पुष्टि करते हुए बताया कि जिले में कहीं से भी किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन ने स्थानीय राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे गांवों में भ्रमण कर कच्चे मकानों और पुरानी इमारतों में दरार जैसी किसी भी स्थिति की जांच करें। विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर प्रदेश का यह क्षेत्र भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील है और नेपाल की तराई क्षेत्र में होने वाली हलचल का असर यहां अक्सर देखने को मिलता है। हालांकि 3.7 तीव्रता का भूकंप सामान्य श्रेणी में आता है और इससे बड़े नुकसान की आशंका नहीं रहती, फिर भी लोगों को सतर्क रहने और जर्जर इमारतों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।




