आजमगढ़। थाना रानी की सराय क्षेत्र में 01 मार्च 2026 को आयोजित क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता के दृष्टिगत जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए अस्थायी रूट डायवर्जन लागू किया गया है। यातायात पुलिस द्वारा जारी सूचना के अनुसार यह डायवर्जन व्यवस्था प्रातः 04:00 बजे से 09:00 बजे तक प्रभावी रहेगी। प्रतियोगिता के दौरान संबंधित मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने और प्रतिभागियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा। इन मार्गों से होकर गुजरेंगे वाहन : 1. वाराणसी एवं जौनपुर से NH-128 के माध्यम से आने वाले वाहन कोटिला से होते हुए कस्बा रानी की सराय और सेमरा अंडरपास के रास्ते अपने गंतव्य को जाएंगे। 2. आजमगढ़ से जौनपुर एवं वाराणसी की ओर जाने वाले वाहन सेमरा अंडरपास से होकर कस्बा रानी की सराय और कोटिला मार्ग से होकर गंतव्य तक पहुंचेंगे। 3. भंवरनाथ की ओर से आने वाले वाहन सेमरा अंडरपास, कस्बा रानी की सराय और कोटिला मार्ग से होकर अपने गंतव्य को जाएंगे। यातायात पुलिस ने जनसामान्य से अपील की है कि निर्धारित समयावधि में डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें, यातायात कर्मियों का सहयोग करें तथा अनावश्यक असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।






