आजमगढ़ : विवाहिता की संदिग्ध परिस्थतियों में हुई मौत

Youth India Times
By -
0



घर के कमरे में मिला शव, मायके पक्ष पहुंचा गांव, चार साल की बेटी को छोड़ गई मां
आजमगढ़। जनपद के कंधरापुर थाना क्षेत्र के भैसौड़ा गांव में शुक्रवार को उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब एक युवा विवाहिता का शव घर के कमरे में पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया। मृतका की पहचान खुशबू सरोज (लगभग 24 वर्ष) पत्नी चंदन सरोज के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार खुशबू का शव घर के कमरे में मिला, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे कंधरापुर थाने के उप निरीक्षक प्रमोद मद्धेशिया पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। बताया गया कि मृतका का मायका मेहनगर थाना क्षेत्र के धरनीपुर गांव में है। घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी भैसौड़ा गांव पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार खुशबू का परिवार दिल्ली में रहता था और वह कुछ दिन पहले ही अपने पति के साथ गांव आई थी। इस घटना का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि खुशबू अपने पीछे चार साल की मासूम बेटी को छोड़ गई है। अचानक हुई इस घटना से परिवार पूरी तरह सदमे में है और बच्ची की हालत देखकर गांव के लोग भी भावुक हो उठे। फिलहाल विवाहिता की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। गांव में हर कोई स्तब्ध है और लोग इस दुखद घटना को लेकर तरह-तरह की चचार्एं कर रहे हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)