आजमगढ़। जिले के निजामाबाद तहसील परिसर में बुधवार रात एक लेखपाल के पति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि खाना खाने के बाद छत पर टहलने के दौरान वह नीचे गिर गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। मिली जानकारी के अनुसार, महिला लेखपाल सुनीता रानी, जो मूल रूप से नालंदा (बिहार) की रहने वाली हैं, वर्तमान में निजामाबाद तहसील क्षेत्र में तैनात हैं और तहसील परिसर स्थित आवास में रहती हैं। बुधवार रात करीब 10 बजे उनके पति प्रेमचंद भोजन के बाद छत पर टहलने गए थे। इसी दौरान वह अचानक नीचे गिर पड़े। घटना के बाद उन्हें तत्काल शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। मामले को लेकर विभिन्न पहलुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है।




