आजमगढ़: सड़क हादसों में लाइनमैन सहित दो की मौत, एक गंभीर

Youth India Times
By -
0


ग्रामीणों ने लगाया दो घंटे तक जाम, पहुंची पुलिस
आजमगढ़। जनपद के जीयनपुर और कंधरापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। जीयनपुर क्षेत्र के चौको खुर्द गांव में एक वृद्ध को तेज रफ्तार मैजिक वाहन ने कुचल दिया, जबकि कंधरापुर क्षेत्र में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी, जिसमें एक की मौत हो गई। पहला हादसा जीयनपुर थाना क्षेत्र के चौको खुर्द गांव निवासी 65 वर्षीय एक्कम राम सुबह करीब 9 बजे चाय पीने बाजार गए थे। घर लौटते समय बभनौली की तरफ से आ रही तेज रफ्तार मैजिक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल एक्कम राम की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद मैजिक चालक वाहन सहित लाटघाट की ओर फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही आक्रोशित ग्रामीणों ने लाटघाट-नरहन मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक जाम चलता रहा। ग्रामीणों की मांग थी कि तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई हो और मृतक के परिजनों को मुआवजा दिया जाए। पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन ग्रामीण नहीं माने। अंत में अजमतगढ़ के प्रमुख प्रतिनिधि मनीष मिश्रा उर्फ पिंटू ने पहुंचकर ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खत्म कराया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। थानाध्यक्ष जीयनपुर जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मृतक के चचेरे भाई की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा चालक की तलाश की जा रही है। दूसरा हादसा कंधरापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम करीब 5 बजे मंदुरी-कंधरापुर मार्ग पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में महराजगंज विद्युत उपकेंद्र में संविदा लाइनमैन राजनाथ सिंह (50), निवासी कम्हेनपुर की मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ बाइक पर सवार सहकर्मी जितेंद्र प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों के अनुसार राजनाथ सिंह ड्यूटी खत्म कर जितेंद्र के साथ घर लौट रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक से दूर जा गिरे। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने राजनाथ को मृत घोषित कर दिया। मृतक के पीछे एक पुत्र व एक पुत्री का भविष्य शेष है। परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा अज्ञात वाहन की तलाश जारी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)