सहारनपुर। जनपद के अंबेहटा थाना क्षेत्र के टिडौली गांव में मंगलवार सुबह भाजपा नेता धर्म सिंह कोरी (70) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उनका शव खेत के घेर में चारपाई पर खून से लथपथ मिला। माथे पर गोली का निशान देखकर परिजन सहम गए।
परिजनों के अनुसार, धर्म सिंह रोजाना की तरह सोमवार रात खेत में घेर के अंदर चारपाई पर सोने गए थे। मंगलवार सुबह उनकी पुत्रवधू जब वहां पहुंची तो खून से सना शव देखकर चीख पड़ी। तुरंत परिजनों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे परिवार वालों ने देखा कि धर्म सिंह के माथे पर गोली लगी हुई है और हत्यारे ने उन्हें गोली मारने के बाद चादर ओढ़ाकर फरार हो गए। मृतक धर्म सिंह कोरी भाजपा के अंबेहटा मंडल में उपाध्यक्ष थे। घटना की सूचना मिलते ही अंबेहटा थाना पुलिस व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा सभी बिंदुओं पर गहन जांच शुरू कर दी गई है। ग्रामीण क्षेत्र में दिनदहाड़े भाजपा नेता की हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस हत्यारों की तलाश में छापेमारी कर रही है।


