विवाद के चलते हटाए गए ये जिलाध्यक्ष, कृष्ण पाल को मिला महत्त्वपूर्ण जिला
लखनऊ। उत्तर प्रदेश भाजपा ने बुधवार देर रात 14 जिलों के नए जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा कर दी। प्रदेश संगठन चुनाव अधिकारी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने इन नामों का एलान किया। अब तक पार्टी 98 जिलों में से 84 जिलाध्यक्ष घोषित कर चुकी है। वाराणसी सहित शेष 14 जिलों के अध्यक्षों की घोषणा शीघ्र होगी। घोषित 14 नामों में पांच जिलों—अलीगढ़ जिला, अलीगढ़ महानगर, फिरोजाबाद जिला, कौशांबी और एक अन्य में पुराने अध्यक्षों को ही दोबारा जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं गंभीर आरोपों से घिरे फतेहपुर के निवर्तमान जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल को हटा दिया गया। उन पर पार्टी पद दिलाने के नाम पर 50 लाख रुपये लेने के गंभीर आरोप लगे थे। उनकी जगह अन्नू श्रीवास्तव को नया जिलाध्यक्ष बनाया गया है। जातीय समीकरण के लिहाज से 14 नए अध्यक्षों में 7 पिछड़ा वर्ग, 6 सामान्य वर्ग और 1 अनुसूचित जाति वर्ग से हैं। नवनियुक्त जिलाध्यक्षों में मेरठ जिला – हरवीर पाल, हापुड़ – कविता माधरे, फिरोजाबाद जिला – उदय प्रताप सिंह, हाथरस – प्रेम सिंह कुशवाहा, अलीगढ़ महानगर – राजीव शर्मा, अलीगढ़ जिला – कृष्ण पाल सिंह लाला, एटा – प्रमोद गुप्ता - जालौन – उर्विजा दीक्षित, झांसी महानगर – सुधीर सिंह, हमीरपुर – शकुन्तला निषाद, फतेहपुर – अन्नू श्रीवास्तव, बाराबंकी – राम सिंह वर्मा, जौनपुर – अजीत प्रजापति, कौशांबी – धर्मराज मौर्या शामिल हैं।


