अनुप्रिया ने जिलाधिकारी बन सुनी समस्या, किया समाधान
आजमगढ़। मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन का संदेश देने के लिए एक अनूठा आयोजन किया गया। कस्तुरबा गांधी अवासीय बालिका विद्यालय, विकास खंड पल्हनी, जाफरपुर की कक्षा 8 की मेधावी छात्रा कुमारी अनुप्रिया गौंड को प्रतीकात्मक रूप से 'एक दिन की जिलाधिकारी' बनाया गया। इस दौरान अनुप्रिया ने जनसुनवाई में उपस्थित लोगों की शिकायतें सुनीं और उनका निस्तारण भी किया। जिलाधिकारी ने अनुप्रिया को डायरी और पेन भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने मिशन शक्ति 5.0 के उद्देश्यों और प्रशासनिक कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह अभियान छात्राओं को सशक्त बनाने और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने का एक प्रभावी माध्यम है। जिलाधिकारी ने जोर देकर कहा, "बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं हैं। उनकी शिक्षा और प्रगति को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। नारी सशक्त होगी तो प्रदेश समृद्ध होगा।" कार्यक्रम में मुख्य राजस्व अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी और महिला कल्याण विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे। यह आयोजन नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम साबित हुआ।


