रिपोर्ट: पंकज पांडेय
आजमगढ़ : आजमगढ़ जिले के निजामाबाद तहसील के सुराई गांव निवासी डॉ. इरफान अहमद को राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें आयुर्वेद के क्षारसूत्र रोग विशेषज्ञ के रूप में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रदान किया जा रहा है। नई दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में यह पुरस्कार दिया जाएगा।
सेवानिवृत्त सैनिकों की टोली और वाईएसएस फाउंडेशन के अध्यक्ष कमल चौधरी के नेतृत्व में देशभर से 100 लोगों का चयन इस पुरस्कार के लिए किया गया है। चयन प्रक्रिया में समाज के लिए प्रेरणा स्रोत बने चिकित्सकों और समाजसेवियों के कार्यों को आधार बनाया गया। डॉ. इरफान, जो फरिहा के डॉ. फैजी मेमोरियल हॉस्पिटल, रेलवे क्रॉसिंग में चिकित्सक हैं, ने अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
डॉ. इरफान अहमद ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा, "क्षेत्रीय लोगों के सहयोग के बल पर यह सम्मान प्राप्त हुआ है। जनपद में अकेले इस पुरस्कार के लिए चयनित होना मेरे लिए गर्व की बात है।" उनके इस सम्मान से आजमगढ़ जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।




