विपक्षी दलों ने लिया निशाने पर, भाजपा ने साधी चुप्पी
मैनपुरी। मध्य प्रदेश के मंदसौर में भाजपा नेता के अश्लील वीडियो विवाद के बाद अब उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में एक और शर्मनाक मामला सामने आया है। शहर के एक मंडल की महिला मोर्चा अध्यक्ष के बेटे के 130 अश्लील वीडियोज सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। इस घटना ने भाजपा की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, जबकि विपक्षी दलों ने इसे लेकर सत्ताधारी पार्टी पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। वायरल वीडियोज में मैनपुरी के एक नामचीन मिष्ठान भंडार के संचालक के छोटे भाई और भाजपा नेत्री के बेटे को एक महिला के साथ आपत्तिजनक हरकतें करते देखा जा सकता है। ये वीडियोज शहर के विभिन्न होटलों और रेस्टोरेंट्स में बनाए गए हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक विवाहित है, और वीडियो में दिख रही महिला भी मैनपुरी की रहने वाली है, जिसने अपने पति को छोड़ रखा है।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा नेत्री का बेटा अपनी पत्नी के साथ पिछले चार साल से इन हरकतों को लेकर विवाद में रहा है। उसने कथित तौर पर अपनी प्रेमिका के साथ वीडियोज बनाकर अपनी पत्नी को दिखाकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। एक घटना में पत्नी ने सिगरेट से दागे जाने के बाद पुलिस को बुलाया था, लेकिन राजनीतिक प्रभाव के चलते मामला दब गया। सबसे बड़ा सवाल यह है कि 130 वीडियोज एक साथ कैसे वायरल हो गए। क्या इन्हें युवक या उसकी प्रेमिका ने जानबूझकर लीक किया, या किसी तीसरे पक्ष ने इसे सार्वजनिक किया? इस मामले को लेकर शहर में चचार्ओं का बाजार गर्म है। इस मामले में भाजपा ने पूरी तरह चुप्पी साध रखी है। महिला मोर्चा से लेकर जिला संगठन तक कोई भी पदाधिकारी खुलकर बोलने को तैयार नहीं है। दूसरी ओर, विपक्षी दलों ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोपाल कुलश्रेष्ठ ने कहा, "भाजपा की कथनी और करनी में फर्क सामने आ रहा है। ये 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' का नारा देते हैं, लेकिन उनकी करतूतें उलट हैं। अगर इस मामले में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई और पीड़ित पत्नी को न्याय नहीं मिला, तो कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी।" सपा जिलाध्यक्ष आलोक शाक्य ने कहा, "भाजपा नेताओं की करतूतें अब जनता के सामने आ रही हैं। पीड़ित महिला सपा से संपर्क करे, हम उसके लिए न्याय की लड़ाई लड़ेंगे। 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता इन्हें सबक सिखाएगी।" बसपा जिलाध्यक्ष मनीष सागर* ने भी इसकी निंदा करते हुए कहा, "भाजपा को इस मामले में संज्ञान लेना चाहिए। पत्नी के होते हुए किसी अन्य महिला के साथ इस तरह के संबंध और अश्लील वीडियो बनाना भारतीय परंपराओं के खिलाफ है।"